संवादाता अभिषेक सेन जोधपुर। बसंत पंचमी के पावन पर्व पर संत शिरोमणि श्री नामदेव जी महाराज के ज्ञानोदय दिवस के शुभ...
संवादाता
अभिषेक सेन
जोधपुर।
बसंत पंचमी के पावन पर्व पर संत शिरोमणि श्री नामदेव जी महाराज के ज्ञानोदय दिवस के शुभ अवसर पर 23 जनवरी को जोधपुर शहर में एक भव्य, दिव्य एवं ऐतिहासिक शोभायात्रा का आयोजन श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ किया जाएगा। इस आयोजन को लेकर समाजजनों एवं आयोजन समिति में विशेष उत्साह का वातावरण व्याप्त है।
आयोजन समिति के अनुसार, शोभायात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरेगी। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं द्वारा पुष्पवर्षा, भजन-कीर्तन एवं भव्य स्वागत की तैयारियां की गई हैं। शोभायात्रा में सुसज्जित रथों पर विराजमान संत श्री नामदेव जी महाराज की दिव्य झांकी, आकर्षक धार्मिक झांकियां, पारंपरिक वेशभूषा में सजे श्रद्धालु एवं भक्ति संगीत की मधुर धुनें संपूर्ण वातावरण को भक्तिमय बना देंगी।
कार्यक्रम की विशिष्ट अतिथि श्रीमती अनुश्री पुनिया, जिला अध्यक्ष महिला मोर्चा एवं प्रधान केरु पंचायत समिति रहेंगी। उन्होंने बताया कि बसंत पंचमी के इस पावन अवसर पर आयोजित शोभायात्रा के माध्यम से कण-कण में ईश्वर के दर्शन, माता-पिता की सेवा, आध्यात्मिक चेतना और भक्ति मार्ग का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
इस शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। आयोजन समिति ने शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस धार्मिक एवं सांस्कृतिक महोत्सव को सफल बनाने की अपील की है।
वहीं श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन एवं पुलिस विभाग द्वारा सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे, जिससे आयोजन शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित रूप से संपन्न हो सके।
बसंत पंचमी महोत्सव एवं संत शिरोमणि श्री नामदेव जी महाराज का ज्ञानोदय दिवस जोधपुर में भक्ति, आस्था और संस्कृति का अनुपम संगम प्रस्तुत करेगा।