अबुलैस अंसारी ब्यूरो चीफ कुशीनगर देवरिया में कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में फर्जी व कूटरचित अभिलेखों के आधार पर नौकरी हथियाने...
अबुलैस अंसारी ब्यूरो चीफ कुशीनगर
देवरिया में कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में फर्जी व कूटरचित अभिलेखों के आधार पर नौकरी हथियाने वाले 14 शिक्षकों की संविदा समाप्त कर दी गई। इनमें नौ पूर्णकालिक व पांच अंशकालिक महिला. पुरुष शिक्षक शामिल हैं। 11 अन्य शिक्षक व कर्मचारी भी संदेह के घेरे में हैं। उनके अभिलेखों का सत्यापन चल रहा है। बताया जा रहा है कि इनके अभिलेख भी सही नहीं हैं। यही कारण है कि इनके अभिलेखों की जांच चल रही है।
अनामिका प्रकरण सुर्खियों में आने के बाद शासन के आदेश पर सभी कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों के शिक्षकों व कर्मचारियों के अंक व प्रमाण पत्रों की जांच हो रही है।
इसी क्रम में जिले में पांच सदस्यीय समिति गठित है। समिति की जांच में अलग.अलग विद्यालयों में फर्जी मिले इन शिक्षकों की सेवा समाप्त कर दी गई है। ये सभी भाटपाररानी भलुअनी देसही देवरिया भटनी लार बैतालपुर रामपुर कारखाना स्थित कस्तूरबा विद्यालय में तैनात थे।
अभिलेखों की जांच में पूर्णकालिक शिक्षक सुनीता गौतम निहारिका अमृता सिंह भाटपाररानी श्वेता यादव भलुअनी अनामिका त्रिपाठी लार अर्चना मिश्रा बरहज विजया सिंह गौरीबाजार निशा कुमारी बैतालपुर फर्जी मिले हैं। इसी तरह से अंशकालिक शिक्षक नित्यानंद जायसवाल देसही देवरिया वशिष्ठ कुशवाहा लार अरविंद सिंह बैतालपुर सुनीता यादव गाजी सबेनूर आला भटनी अमृता सिंह वार्डेन रामपुर कारखाना के अभिलेख जांच में फर्जी पाए गए।
इस संबंध में देवरिया के जिला बेसिक अधिकारी प्रकाश नारायण श्रीवास्तव का कहना है कि जांच में फर्जी मिले चौदह शिक्षकों की सेवा समाप्त कर दी गई है। इनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिले में पांच सदस्यीय समिति का गठन किया गया है। समिति जांच कर रही है। जनपद के सभी कस्तूरबा विद्यालयों के शिक्षकों के शैक्षिक एवं अन्य प्रमाण पत्रों की गहनता के साथ जांच की जा रही है। फर्जी अभिलेख के आधार पर नौकरी करने वाले बख्शे नहीं जाएंगे। सभी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।