जल संरक्षण का बेहतरीन संदेश दे रही है वॉल पेंटिंग्स - नगर निगम दक्षिण की सकारात्मक पहल जोधपुर । स्वच्छता सर्वेक्षण को लेकर नगर ...
जल संरक्षण का बेहतरीन संदेश दे रही है वॉल पेंटिंग्स
- नगर निगम दक्षिण की सकारात्मक पहल
जोधपुर। स्वच्छता सर्वेक्षण को लेकर नगर निगम दक्षिण की ओर से शहरी सौंदर्यीकरण को नए रूप में प्रस्तुत करते हुए केंद्रीय विद्यालय की दीवारों पर "जल है तो कल है" की थीम पर बेहतरीन वॉल पेंटिंग करवाई गई है। नगर निगम दक्षिण की ओर से करवाई गई यह वॉल पेंटिंग्स आमजन के लिए आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। निगम आयुक्त दक्षिण डॉ अमित यादव ने बताया कि हैदराबाद में जन्मे प्रसिद्ध अवार्ड विजेता बाल कथा लेखक रमेंद्र कुमार द्वारा रचित कहानी "बूंद" में जल के महत्व के बारे में बताया गया है। निगम ने इस कहानी का संदेश आम जन तक पहुंचाने के लिए एयर फोर्स स्थित केंद्रीय विद्यालय नंबर 01 की दीवारों पर वॉल पेंटिंग करवाई है। आयुक्त दक्षिण डॉ अमित यादव ने बताया कि वॉल पेंटिंग्स के माध्यम से आमजन को जल की महत्वता एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया है, साथ ही विकास की अंधी दौड़ में जलाशय, पानी के स्रोत और संपूर्ण पर्यावरण को किस तरह से दूषित किया गया, इसका भी बेहतरीन चित्रण किया गया है। यादव ने बताया कि पर्यावरण एवं पृथ्वी के संरक्षण के लिए सभी की ओर से सामूहिक प्रयास किए जाने की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि देश की युवा पीढ़ी किसी भी बदलाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है और इसी युवा पीढ़ी को शिक्षित करने के उद्देश्य से नगर निगम ने यह वॉल पेंटिंग करवाई है। वॉल पेंटिंग के माध्यम से बच्चों को स्वच्छता के प्रति भी जागरूक किया गया है।